भारत ने लंदन से फिर निकाला अपना 60 टन सोना,कैसे होती है शिफ्टिंग,क्या है आरबीआई के प्लान का राज


भारत ने लंदन से फिर निकाला अपना 60 टन सोना,कैसे होती है शिफ्टिंग,क्या है आरबीआई के प्लान का राज

मनोज बिसारिया | 26 Nov 2026

 

नई दिल्ली।रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई)ने बड़ा कदम उठाते हुए पिछले 6 महीने के अंदर विदेशी तिजोरियों से 60.1 टन सोना भारत में शिफ्ट कर दिया है।आरबीआई की तरफ से यह कदम उठाए जाने के बाद भारत के कुल सोने का 84 फीसदी हिस्सा देश में ही सुरक्षित रखा हुआ है।आरबीआई की अप्रैल-सितंबर 2026 की छमाही रिपोर्ट के मुताबिक देश का गोल्ड रिजर्व 880.5 टन पर स्थिर बना हुआ है,लेकिन घरेलू भंडार सितंबर 2025 के 575.8 टन से बढ़कर सितंबर 2026 में 740.1 टन पर पहुंच गया है,इसके बाद बैंक ऑफ इंग्लैंड और BIS जैसे विदेशी वॉल्ट्स में रखा 290.4 टन गोल्ड घटकर 140.4 टन रह गया है।

क्यों उठाया गया यह कदम

विश्व में बढ़ती जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच आरबीआई सोने की कस्टडी अपने पास रखना ज्यादा सुरक्षित मान रहा है।भारत के पास अब खुद के वर्ल्ड-क्लास वॉल्ट्स हैं,जिससे विदेशों में स्टोरेज फीस देने की जरूरत कम हो गई है।रिपोर्ट के मुताबिक मार्च के 691.1 बिलियन डॉलर के मुकाबले सितंबर 2026 में देश का कुल फॉरेक्स रिजर्व बढ़कर 737.8 बिलियन डॉलर हो गया है।हालांकि इंटरनेशनल लेवल पर सोने के दाम में 9 फीसदी की गिरावट और डॉलर की मजबूती के कारण कुल रिजर्व में सोने की हिस्सेदारी 16.7 फीसदी से घटकर 14.4 प्रतिशत रह गई है।

विदेश में क्यों रखा जाता है सोना

पहले भारत का काफी सोना लंदन के बैंक ऑफ इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड के बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट की तिजोरियों में रहता था,लेकिन अब इसमें काफी कमी आई है। हो सकता हैं आप भी सोच रहे हो कि जब सोना भारत का है तो इसे लंदन या स्विट्जरलैंड के बैंकों में क्यों रखा जाता है,इसके पीछे लॉजिस्टिक्स और ट्रेडिंग के कुछ पुराने नियम हैं। दरअसल लंदन का बुलियन मार्केट विश्व का सबसे बड़ा गोल्ड ट्रेडिंग हब है,कोई भी देश जब इंटरनेशनल मार्केट से सोना लेता है तो उसे तुरंत अपने देश लाने में भारी ट्रांसपोर्ट चार्ज देना होता है,इसके साथ ही सिक्योरिटी रिस्क भी रहता है। इसके अलावा यदि इमरजेंसी में पैसे की जरूरत होती है तो विदेश में रखे सोने को गिरवी रखकर तुरंत विदेशी मुद्रा जुटाना आसान होता है।यही कारण है कि ज्यादातर देश अपना कुछ सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड में रखते हैं।

देश में शिफ्ट क्यों किया जा रहा सोना

सवाल यह है कि जब सब कुछ ठीक चल रहा था तो आरबीआई ने अपना सोना भारत वापस लाने का फैसला क्यों किया,इसके दो कारण हैं।

जियोपॉलिटिकल टेंशन: पिछले कुछ साल के दौरान विश्व के अलग-अलग हिस्सों में युद्ध और तनाव बढ़ा है।रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हुआ तो पश्चिमी देशों ने रूस के विदेशी भंडार और सोने को फ्रीज कर दिया।इस कदम ने विश्व के केंद्रीय बैंकों को सोचने पर मजबूर कर दिया,हर देश को यह एहसास हो गया कि संकट के समय वही सोना काम आएगा जो आपके पास है।

बढ़ती आर्थिक ताकत : अब भारत के पास अपना सोना संभालने के लिए वर्ल्ड-क्लास सिक्योरिटी और आधुनिक वॉल्ट्स हैं।जब भारत के पास अपनी तिजोरी हैं तो विदेशों में स्टोरेज फीस देने की जरूरत नहीं है।आरबीआई का यह कदम विश्व के केंद्रीय बैंकों के उस नए ट्रेंड का हिस्सा है,जिसमें हर देश अपने गोल्ड की कस्टडी अपने पास रखना चाहता है।

कैसे शिफ्ट किया जाता है सोना

जब विश्व के किसी भी देश का सेंट्रल बैंक विदेशों से अपना सोना देश में शिफ्ट करता है तो यह पूरा प्रोसेस बेहद गोपनीय और हाई-सिक्योरिटी से लैस होता है। सुरक्षा कारणों से शिफ्टिंग की तारीख और रूट को सार्वजनिक नहीं किया जाता।कभी भी गोल्ड की शिफ्टिंग एक साथ नहीं की जाती, यह अलग-अलग खेप में ट्रांसफर किया जाता है।

आइए जानते हैं पूरी शिफ्टिंग के 5 अलग-अलग चरण

शिफ्टिंग से हफ्तों पहले कागजी कार्रवाई और कस्टम क्लियरेंस से जुड़ा काम पूरा किया जाता है।

विदेश में रखे सोने के बार्स (एक का वजन 12.5 KG) की जांच और उनका सीरियल नंबर नोट किया जाता है।

तिजोरी से एयरपोर्ट तक सोना ले जाने के लिए बुलेटप्रूफ और जीपीएस-ट्रैक्ड आर्मर्ड वैन इस्तेमाल होती है।

इस सोने को पानी के जहाज के बजाय हवाई मार्ग से लाया जाता है।फ्लाइट का टाइम और रूट पूरी तरह गुप्त रहता है।

एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद सोने को फिर से आर्मर्ड ट्रकों में लोड किया जाता है,इसे मुंबई के आरबीआई ऑफिस में रखा जाता है।

आम आदमी के लिए मायने

कुछ लोगों का यह मानना है कि आरबीआई की तरफ से देश में सोना लाए जाने से बाजार में इसके दाम नीचे आ जाएंगे। यदि आप भी ऐसा ही सोच रहे हैं तो इसका एक ही शब्द में जवाब है,नहीं यह गोल्ड मार्केट में बिक्री के लिए नहीं लाया गया, बल्कि यह देश की इकोनॉमी का सुरक्षा कवच है,लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से इसका फायदा हर भारतीय को मिलता है। जब किसी देश का केंद्रीय बैंक अपने सोने को सुरक्षित रखता है तो विदेशी निवेशकों का उस देश की इकोनॉमी पर भरोसा बढ़़ता है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved