नई दिल्ली।ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी खबर है।भारतीय रेलवे अब रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (आरएसी)टिकट सिस्टम में बदलाव कर सकता हैं।रेलवे बोर्ड आरएसी सिस्टम की व्यापक समीक्षा कर रहा है और कई विकल्पों पर विचार कर रहा है, जिसमें इसे पूरी तरह से खत्म करना भी शामिल है। हालांकि, अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
आरएसी सिस्टम में क्या बदलाव हो सकते हैं
मौजूदा आरएसी सिस्टम के तहत यात्रियों को एक साझा सीट दी जाती है।यानी दो यात्रियों को एक ही बर्थ शेयर करनी पड़ सकती है। रेलवे ऐसे तरीकों पर विचार कर रहा है,जिससे यात्रियों द्वारा दिए गए किराए और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बीच बेहतर संतुलन बनाया जा सके।जिन विकल्पों पर विचार किया जा रहा है,उनमें पूरी बर्थ देना,आधी बर्थ के लिए कम किराया लेना,या कोई नया अपग्रेड सिस्टम लागू करना शामिल है।
आधी बर्थ के लिए पूरा किराया क्यों दें
आरएसी सिस्टम को लेकर मुख्य चिंता किराए से जुड़ी है।भले ही एक बर्थ दो यात्रियों के बीच साझा की जाती है,लेकिन दोनों से पूरा किराया लिया जाता है।इसे लेकर रेलवे के भीतर भी सवाल उठे हैं।अगर किसी यात्री को केवल आधी बर्थ मिलती है,जिसमें सोने के लिए बहुत कम जगह होती है और दिक्कतों का सामना करना पड़ता है तो उससे पूरा किराया क्यों लिया जा रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बदलावों पर विचार किया जा रहा है।
पुरुष और महिला के बीच बर्थ साझा करने से समस्या
आरएसी सिस्टम के तहत दो यात्रियों को एक ही बर्थ देने से अक्सर महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जब एक पुरुष और एक महिला को एक ही बर्थ साझा करनी पड़े, तो असहजता का सामना करना पड़ता है।लंबी दूरी की यात्राओं के दौरान बर्थ साझा करने से यात्रियों के लिए ठीक से सोना या आराम करना मुश्किल हो जाता है।ट्रेन में TTE को भी यात्रियों के बैठने की वैकल्पिक व्यवस्था करने में अक्सर काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
भारी मांग के बीच आरएसी टिकट
जब बुकिंग की संख्या उपलब्ध बर्थ की क्षमता से अधिक हो जाती है,तो रेलवे अधिक यात्रियों को सफर कराने के उद्देश्य से आरएसी सिस्टम का उपयोग करता है।छठ और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान देशभर की ट्रेनों में भारी भीड़ होती है, जिससे आरएसी टिकटों पर निर्भरता बढ़ जाती है। ऐसी स्थितियों में आरएसी व्यवस्था उन यात्रियों के लिए एक लाइफलाइन की तरह काम करती है, जिन्हें हर हाल में यात्रा करनी ही होती है।आरक्षित रेलवे डिब्बे में बिना वैध टिकट यात्रा करना गलत है,इसलिए यह व्यवस्था ऐसे यात्रियों के लिए एक मददगार विकल्प प्रदान करती है। इस पुराने नियम की अभी फिर से समीक्षा की जा रही है ताकि इसका एक बेहतर रूप तैयार किया जा सके, जिसका उद्देश्य ट्रेन से यात्रा करने वाले लाखों लोगों को लाभ पहुंचाना है।
संसदीय समिति ने भी समीक्षा की सिफारिश की
एक संसदीय समिति ने पहले ही आरएसी सिस्टम की समीक्षा करने की सिफारिश की है। अब भारतीय रेलवे बोर्ड यात्रियों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए मौजूदा व्यवस्था की जांच कर रहा है।अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रेलवे आरएसी सिस्टम को पूरी तरह से खत्म कर देगा या कोई नया किराया और सीट आवंटन मॉडल लाएगा। यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और किराए पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह अंतिम फैसला होने के बाद ही साफ हो पाएगा।