एनवीडिया सीईओ को लगा 7.4 अरब डॉलर का झटका, अमीरों की लिस्ट में 2 पायदान फिसले


एनवीडिया सीईओ को लगा 7.4 अरब डॉलर का झटका, अमीरों की लिस्ट में 2 पायदान फिसले

मनोज बिसारिया | 10 Nov 2026

 

नई दिल्ली।विश्व की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।जेनसन जुड़े जासूसी वाले मामले की जांच शुरू होने के बाद कंपनी के शेयर में भारी गिरावट आई है।इसका सीधा असर जेनसन की संपत्ति पर पड़ा है।एक ही दिन में उनकी दौलत अरबों डॉलर घट गई और विश्व के सबसे अमीर लोगों की सूची में भी नीचे खिसक गए। कंपनी के बाजार मूल्य को भी बड़ा नुकसान हुआ है।

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार 9 नवंबर को जेनसन हुआंग की कुल संपत्ति में लगभग 7.4 अरब डॉलर की गिरावट आई।एनवीडिया के शेयर में बिकवाली के चलते उनकी संपत्ति 162.2 अरब डॉलर से घटकर 154.7 अरब डॉलर रह गई। इसके साथ ही फोर्ब्स की रियल टाइम अरबपतियों की सूची में हुआंग आठवें स्थान से फिसलकर दसवें स्थान पर आ गए। इस दौरान वह बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन वॉरेन बफेट और ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन से भी पीछे हो गए।

शेयरों में कितनी गिरावट

सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार खुलते ही एनवीडिया के शेयर में 7 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते जेनसन हुआंग कुछ समय के लिए विश्व के दस सबसे अमीर लोगों की सूची से भी बाहर हो गए।हालांकि बाद में शेयर में कुछ सुधार हुआ और अमेरिकी समयानुसार दोपहर 1:30 बजे तक यह 5.5 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा था। शेयर में गिरावट का असर कंपनी के बाजार पूंजीकरण पर भी पड़ा।शुक्रवार को एनवीडिया का मार्केट कैप करीब 4.5 लाख करोड़ डॉलर था,जो सोमवार दोपहर तक घटकर लगभग 4.24 लाख करोड़ डॉलर रह गया। यानी कंपनी के बाजार मूल्य में करीब 260 अरब डॉलर की कमी आई।

क्या है विवाद

एनवीडिया के शेयर में गिरावट की मुख्य वजह कंपनी के सीईओ से जुड़ा विवाद और इसकी जांच शुरू होने की खबर है। कंपनी के निदेशक मंडल ने जेनसन हुआंग के एक महिला कारोबारी अधिकारी से संबंधों को लेकर सामने आई रिपोर्ट की स्वतंत्र जांच शुरू की है।द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सिंगापुर स्थित एआई कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग को कथित तौर पर चीन की खुफिया एजेंसी ने जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया था।रिपोर्ट में जेनसन हुआंग और एलिस के करीबी संबंध होने का भी दावा किया गया था।हालांकि जासूसी से जुड़े आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं।जेनसन हुआंग ने 8 नवंबर को एनवीडिया के कर्मचारियों के नाम संदेश में विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की थी। उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों से माफी मांगने के साथ कंपनी की जांच में सहयोग करने की बात कही थी।

एनवीडिया ने बनाई जांच समिति

एनवीडिया के निदेशक मंडल ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति गठित की है। इसमें बाहरी कानूनी सलाहकारों की भी मदद ली जा रही है।हालांकि कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारी से किसी तरह का समझौता हुआ है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच के कारण उसके सामान्य कारोबार या जेनसन हुआंग के नेतृत्व में कोई बाधा नहीं आएगी।

ट्रंप ने किया समर्थन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेनसन हुआंग का समर्थन किया है।ट्रंप ने जेनसन एक सम्मानित व्यक्ति बताया है।ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि जेनसन उनके साथ चीन की यात्रा पर जा सकते हैं।एनवीडिया अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा में अहम भूमिका निभाती है।कंपनी की उन्नत चिप का इस्तेमाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास में होता है। ऐसे में जांच से जुड़े किसी भी नए घटनाक्रम पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।

17 नवंबर को नतीजे

इस विवाद के बीच एनवीडिया 17 नवंबर को अपने तिमाही नतीजे जारी करने वाली है। निवेशकों की नजर कंपनी की आय, मुनाफे और प्रबंधन की टिप्पणियों पर रहेगी। इसके अलावा, जांच में होने वाली प्रगति भी शेयर की आगे की चाल के लिए अहम हो सकती है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved