नई दिल्ली।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है।आने वाले दिनों में कुछ हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।इसी को देखते हुए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी हुई है।फ्लैश फ्लड उस स्थिति को कहते है जहां जल स्तर अचानक तेजी से बढ़ जाता है और बेहद कम समय में बाढ़ की स्थिति बन जाती है, इसमें सामान्य बाढ़ के मुकाबले कहीं ज्यादा जोखिम होता है।
इन इलाकों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का खतरा
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है,इसके अलावा अगले 24 घंटे में झारखंड,ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ जलभराव वाले क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में फ्लैश फ्लड का जोखिम बना हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी फ्लैश फ्लड जोखिम बताया गया है,हालांकि यहां जोखिम सीमित है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भी अगले 24 घंटे के दौरान मध्यम फ्लैश फ्लड जोखिम की चेतावनी दी गई है।उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के ग्यालशिंग, सोरेंग,मंगन, गंगटोक और दार्जिलिंग जिलों में फ्लैश फ्लड जोखिम है। आईएमडी के मुताबिक अत्यधिक बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़, स्थानीय भूस्खलन, मलबा खिसकने, सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने तथा दृश्यता घटने जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।तेज हवाओं और बारिश से पेड़ों और कमजोर ढांचों को भी नुकसान पहुंच सकता है।जानें देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अनुमान।
उत्तर-पश्चिम भारत
26 सितंबर से हरियाणा,चंडीगढ़ और दिल्ली में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। 26 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश हो सकती है,जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।हिमाचल प्रदेश में 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक बारिश का अनुमान है।उत्तराखंड में 26 से 28 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 26-27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश,हरियाणा,चंडीगढ़,दिल्ली,पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली-एनसीआर
आईएमडी के मुताबिक 26 सितंबर को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दोपहर/शाम के समय कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है,इसके साथ गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं,जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 27 सितंबर को दिल्ली में कई स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ जगह मध्यम बारिश के दौर की संभावना है।गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।इस दिन अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और न्यूनतम 21-23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 28 सितंबर को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह के शुरुआती घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और न्यूनतम 21-23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य भारत
पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 26-27 सितंबर को व्यापक बारिश की संभावना है,छत्तीसगढ़ में 26-28 सितंबर तक व्यापक बारिश का दौर रह सकता है। 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। 27 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है।पूर्वी मध्य प्रदेश में 27-29 सितंबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
पूर्वी भारत
बिहार,झारखंड,ओडिशा,उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है,इन क्षेत्रों में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है।अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 26 से 29 सितंबर तक व्यापक बारिश का अनुमान है।झारखंड में 26-27 सितंबर को गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 26 सितंबर को ओडिशा में भी ऐसी स्थिति बन सकती है।
पूर्वोत्तर भारत
अरुणाचल प्रदेश,नागालैंड,मणिपुर,मिजोरम और त्रिपुरा में 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है।असम और मेघालय में 26 से 29 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है। 29-30 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर,मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है।
असम-मेघालय में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को व्यापक बारिश का अनुमान है।
पश्चिमी भारत
गुजरात क्षेत्र,कोंकण,गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है।मध्य महाराष्ट्र में 28-30 सितंबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।
दक्षिण भारत
उत्तर आंतरिक कर्नाटक,रायलसीमा,तमिलनाडु,पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है।केरल एवं माहे और लक्षद्वीप में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है।तटीय कर्नाटक में 26-29 सितंबर और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है।तटीय आंध्र प्रदेश,रायलसीमा और तेलंगाना में 26-29 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।केरल एवं माहे में 26 सितंबर और 29 सितंबर को तेज हवाओं के साथ ऐसी स्थिति बन सकती है।
बता दें कि पिछले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल,सिक्किम, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हुई है। वहीं आंध्र के तटीय इलाकों,पूर्वी मध्य प्रदेश,केरल, कर्नाटक,बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हुई है।