टिकटाॅक से बदली किस्मत,एआई ने बढ़ाया साम्राज्य,चाइना के झांग यिमिंग बने एशिया के सबसे अमीर,अडानी को किया पीछे


टिकटाॅक से बदली किस्मत,एआई ने बढ़ाया साम्राज्य,चाइना के झांग यिमिंग बने एशिया के सबसे अमीर,अडानी को किया पीछे

मनोज बिसारिया | 16 Sep 2026

 

नई दिल्ली।टिकटाॅक ऐप को डेवलप करने वाली चाइनीज कंपनी ByteDance के फाउंडर झांग यिमिंग ने एशिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में बड़ा बदलाव किया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक झांग यिमिंग की संपत्ति बढ़कर 105 अरब डॉलर से अधिक हो गई है।इस क्रम में बढ़ते हुए झांग यिमिंग भारतीय कारोबारी गौतम अडानी को पीछे छोड़ दिया है।झांग यिमिंग के संपत्ति में हालिया इजाफे के पीछे सबसे बड़ा कारण एआई सेक्टर में तेजी और ByteDance का इस टेक्नोलॉजी में बढ़ता कारोबार बताया जा रहा है।इस बदलाव से दिखता है कि एआई से जुड़ी कंपनियां अब विश्व के बड़े कारोबारियों की संपत्ति पर भी बड़ा असर डाल रही हैं।

इस महीने नेटवर्थ में 12 अरब डॉलर से ज्यादा इजाफा

ब्लूमबर्ग के मुताबिक 43 वर्षीय झांग यिमिंग की संपत्ति मार्च 2019 में दर्ज लगभग 13 अरब डॉलर से अब कई गुना बढ़ चुकी है।अकेले इस महीने झांग यिमिंग के नेटवर्थ में 12 अरब डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह आकलन BlackRock, Fidelity Investments और T. Rowe Price जैसी निवेश कंपनियों की ओर से रिपोर्ट की गई। ByteDance की वैल्यूएशन में बदलाव के आधार पर किया गया है।वहीं गौतम अडानी की संपत्ति जून में लगभग 120 अरब डॉलर तक पहुंची थी,लेकिन इसके बाद शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और तेल की बढ़ती कीमतों समेत अन्य बाजार कारकों के बीच इसमें कमी आई।

झांग यिमिंग की संपत्ति का मुख्य आधार

झांग यिमिंग की संपत्ति का मुख्य आधार ByteDance है, जिसकी सबसे चर्चित कंपनी टिकटाॅक है।टिकटाॅक ने विश्व में सोशल मीडिया के सेक्टर में अपनी मजबूत जगह बनाई है,लेकिन ByteDance अब केवल सोशल मीडिया कंपनी नहीं रह गई है। कंपनी ने एआई सेक्टर में भी तेजी से विस्तार किया है।इसके एआई प्रोडक्ट्स में Doubao chatbot और Seedance जैसे वीडियो जेनरेशन टूल शामिल हैं।एआई बिजनेस में बढ़ते निवेश और टेक्नोलॉजी की बढ़ती वैल्यू ने झांग यिमिंग की संपत्ति को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

टिकटाॅक को अमेरिका में झेलनी पड़ी चुनौती

झांग यिमिंग की दौलत में यह उछाल ऐसे समय में आया है, जब टिकटाॅक को अमेरिका में लंबे समय तक नियामकीय और राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद ByteDance ने एआई पर अपना फोकस जारी रखा। Omdia के चीफ एनालिस्ट Lian Jye Su के मुताबिक झांग यिमिंग ने कंपनी के एआई निवेश पर ध्यान बनाए रखा। उनके अनुसार ByteDance के पास बड़ी मात्रा में सोशल मीडिया डेटा भी है,जिसका इस्तेमाल भविष्य में एआई मॉडल विकसित करने में किया जा सकता है।

एशिया के टॉप अरबपतियों में सबसे ऊपर

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक ByteDance एक प्राइवेट कंपनी है,इसलिए झांग यिमिंग की संपत्ति के आकलन में 10 फीसदी का रिस्क डिस्काउंट लगाया जाता है। इसके बावजूद उनकी कुल संपत्ति एशिया के टॉप अरबपतियों में सबसे ऊपर पहुंच गई है। झांग यिमिंग पहले से ही चीन के सबसे अमीर व्यक्ति थे और अब उनकी संपत्ति ने उन्हें एशिया के शीर्ष स्थान पर भी पहुंचा दिया है।

बता दें कि झांग यिमिंग की कहानी टेक्नोलॉजी सेक्टर में संपत्ति के बदलते स्वरूप को भी दिखाती है।रेगुलर एनर्जी,इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य कारोबारों से बड़ी संपत्ति बनाने वाले अरबपतियों के साथ अब एआई और डिजिटल टेक्नोलॉजी से जुड़े कारोबारी भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।चीन में एआई रिसर्च और निवेश को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है और अमेरिका के साथ टेक्नोलॉजी की प्रतिस्पर्धा भी जारी है।ऐसे माहौल में ByteDance जैसी कंपनियों का एआई विस्तार झांग यिमिंग की संपत्ति और एशिया की अरबपति रैंकिंग को आगे भी प्रभावित कर सकता है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved