नई दिल्ली।देश में आज 24 अगस्त से मोबाइल सिम कार्ड को लेकर एक बड़ा और सख्त नियम लागू हुआ है।दूरसंचार विभाग के नए नियम के मुताबिक अब कोई भी भारतीय नागरिक अपने नाम पर तय सीमा से ज्यादा सिम कार्ड नहीं रख पाएगा,अगर आपके नाम पर पहले से ही अधिकतम सिम कार्ड चालू हैं,तो टेलीकॉम कंपनियां आपको नया सिम देने से साफ मना कर देंगी।
क्या है नया नियम और सिम की सीमा
केंद्र सरकार के नए नियम के मुताबिक एक व्यक्ति अपने नाम पर अधिकतम 9 सिम कार्ड ही रख सकता है।हालांकि जम्मू-कश्मीर,असम और उत्तर-पूर्वी राज्यों के लोगों के लिए यह सीमा और भी कम है।वहां के लोग अपने नाम पर अधिकतम 6 सिम कार्ड ही चालू रख सकते हैं।यदि कोई व्यक्ति इस सीमा को पार करता है,तो उसका एक्स्ट्रा सिम कार्ड तुरंत बंद कर दिया जाएगा।सभी टेलीकॉम कंपनियों (जैसे जियो,एयरटेल,वोडाफोन-आइडिया) को आदेश दिया गया है कि वे नया सिम चालू करने से पहले डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहक के पुराने कनेक्शनों की रियल-टाइम जांच करें।
क्यों जरूरी है यह नियम
आजकल सिम कार्ड के जरिए धोखाधड़ी और ऑनलाइन स्कैम बहुत तेजी से बढ़े हैं।जालसाज अक्सर दूसरों के आईडी प्रूफ का गलत इस्तेमाल करके उनके नाम पर सिम ले लेते हैं,इसके बाद वे सिम क्लोनिंग या फेक कॉल्स के जरिए लोगों के बैंक खाते खाली कर देते हैं।इसी वित्तीय धोखाधड़ी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है,इसलिए लोगों को समय-समय पर यह जांचना चाहिए कि उनके नाम पर कितने सिम चल रहे हैं।
घर बैठे ऐसे चेक करें अपने नाम के सिम
आप सरकार के आधिकारिक संचार साथी पोर्टल या इसके मोबाइल ऐप (जो एंड्रॉइड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध है) के जरिए सिर्फ 2 मिनट में अपने सिम कार्ड की संख्या जान सकते हैं।सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट sancharsaathi.gov.in पर जाएं होमपेज पर नीचे जाकर 'Know Your Mobile Connections' (TAFCOP) विकल्प पर क्लिक करें,अपना चालू मोबाइल नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड दर्ज करें।आपके फोन पर एक ओटीपी (ओटीपी) आएगा, उसे डालकर सबमिट करें।स्क्रीन पर उन सभी मोबाइल नंबरों की लिस्ट आ जाएगी, जो आपकी आईडी पर रजिस्टर्ड हैं।
अनजान नंबर दिखने पर क्या करें
अगर इस लिस्ट में कोई ऐसा नंबर दिखता है,जिसे आप नहीं जानते, तो उसे तुरंत ब्लॉक करवाएं।लिस्ट में नंबर के आगे टिक मार्क करें और Not My Number पर क्लिक करके रिपोर्ट कर दें।अगर कोई पुराना नंबर है,जो अब काम का नहीं है, तो Not Required चुनकर उसे बंद करने की रिक्वेस्ट डाल दें।सबमिट करने के बाद आपको एक टिकट आईडी मिलेगी,जिससे आप बाद में स्टेटस चेक कर सकते हैं।