नई दिल्ली।त्यौहारों के सीजन में दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले लाखों प्रवासियों को बड़ा तोहफा मिला है।दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और कंफर्म टिकट की मारामारी को देखते हुए रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।दिल्ली परिवहन निगम जल्द ही यूपी और बिहार के कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी और स्थायी लग्जरी बस सेवा शुरू करने जा रहा है।
बता दें कि रेखा गुप्ता सरकार की योजना के मुताबिक अक्टूबर महीने से इन बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है।इसके लिए दिल्ली,यूपी और बिहार राज्यों के बीच आधिकारिक अनुबंध किया जाएगा।
प्राइवेट ऑपरेटरों की मनमानी पर लगेगी रोक
मौजूदा समय में दिल्ली से यूपी,बिहार,उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए मुख्य रूप से प्राइवेट बस ऑपरेटर्स की सेवाएं उपलब्ध हैं।त्यौहारों के समय मांग बढ़ते ही ऐप-आधारित बस ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंसियां मनमाना किराया वसूलती हैं और किराया 2 से 3 गुना तक बढ़ा देती हैं। सरकारी स्तर पर लग्जरी बसों का संचालन शुरू होने से न केवल यात्रियों को सस्ती और तय दर पर टिकट मिलेगी, बल्कि निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी पर भी रोक लगेगी।
लग्जरी वोल्वो बसों में आरामदायक होगा सफर
लंबी दूरी के सफर को सुगम बनाने के लिए रेखा गुप्ता सरकार अनुबंध के आधार पर लग्जरी वोल्वो बसें हायर करेगी।वोल्वो बसों के चलने से लंबे रूट के यात्रियों को थकान और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा,ये बसें मुख्य रूप से दिल्ली के कश्मीरी गेट और आनंद विहार से चलाई जा सकती हैं,ताकि यात्रियों को बस पकड़ने में आसानी हो।
यूपी और बिहार के इन शहरों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
दिल्ली परिवहन निगम की ओर से रूटों का चयन इस तरह से किया गया है कि बिहार जाने वाली बसें रास्ते में यूपी के प्रमुख शहरों को भी कवर करते हुए निकलें।उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर,आगरा,मथुरा,गोरखपुर,प्रयागराज,वाराणसी, आजमगढ़,बरेली,मुरादाबाद,चंदौली,इटावा,फतेहपुर और देवरिया।बिहार में पटना,मुजफ्फरपुर,दरभंगा,बक्सर,आरा, गोपालगंज,चकिया,फॉरबिसगंज,मोहनिया और मुंगेर।इस पहल से दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लाखों पूर्वांचली प्रवासियों को त्यौहारों के दौरान बिना किसी परेशानी के अपने घर पहुंचने का एक बेहतरीन विकल्प मिलेगा।