नई दिल्ली।देश की पहली बुलेट ट्रेन को दौड़ाने की तैयारी जोरों पर चल रही है।पहले चरण की शुरुआत अगले साल 2027 में 15 अगस्त में होगी।पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद रूट पर दौड़ेगी।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे जुड़े कामों की तेज रफ्तार को लेकर बड़ा अपडेट शेयर किया है।
508 किलोमीटर ट्रैक का ताजा हाल
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए शेयर किया है।रेल मंत्री ने इसमें बताया है कि 508 किलोमीटर का मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर अब आकार ले रहा और इसे पूरा करने का काम तेज रफ्तार से जारी है।
इलेक्ट्रिफिकेशन का काम तेज
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की पोस्ट में एक वीडियो भी शेयर किया गया है। वीडियो में गुजरात के नवसारी में बुलेट ट्रेन रूट पर चल रहे काम को दिखाया गया है।रेल मंत्री ने लिखा कि ट्रैक पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम तेजी से चल रहा है,जो पूरे प्रोजेक्ट में एक बड़ा कदम है। बता दें कि इस वीडियो में नवसारी के पास हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर इंजीनियर और कर्मचारियों को बिजली के सिस्टम लगाते हुए दिखाया जा रहा है।
कैसे और क्या काम चल रहा
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर हो रहे जिस काम की झलक रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपनी पोस्ट में दिखाया है,उसमें 1,125 ट्रैक किलोमीटर पर जारी है और बताया गया है कि इसमें ट्रैक पर बिजली के तारों को सहारा देने के लिए 22,000 OHE मास्ट लगाए जा रहे हैं। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर ओवरहेड वायर सिस्टम के लिए जरूरी 25,700 कैंटीलीवर असेंबली फिट की जा रही हैं।
320 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन
बुलेट ट्रेन इस ट्रैक पर 320 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी,इससे मुंबई-अहमदाबाद के सफर में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।बता दें कि फिलहाल सबसे हाई स्पीड ट्रेनों के जरिये मुंबई से अहमदाबाद के बीच यात्रा करने में लगभग 6 घंटे का लगते हैं।बुलेट ट्रेन से ये छह घंटे की दूरी सिर्फ करीब 2 घंटे में पूरी की जा सकेगी।
12 स्टेशनों पर रुकेगी बुलेट ट्रेन
मुंबई और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जुड़ी अब तक आई जानकारी के मुताबिक इस हाई स्पीड बुलेट ट्रेन के लिए 12 स्टॉपेज तय किए गए हैं।बुलेट ट्रेन कॉरिडोर महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा और नगर हवेली से होकर निकला है। इसमें जिन 12 प्रमुख स्टेशनों स्टॉपेज तय किए गए हैं,इनमें मुंबई (बीकेसी), ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।