तेल-साबुन से लेकर बिस्किट-ब्रेड तक अगले महीने हो सकते हैं महंगे,जानें किन कंपनियों ने दिए वृध्दि के संकेत


तेल-साबुन से लेकर बिस्किट-ब्रेड तक अगले महीने हो सकते हैं महंगे,जानें किन कंपनियों ने दिए वृध्दि के संकेत

मनोज बिसारिया | 10 Aug 2026

 

नई दिल्ली।तेल,साबुन से लेकर बिस्किट-ब्रेड तक अगले महीने से महंगे हो सकते हैं।दिग्गज एफएमसीजी कंपनियों ने कुछ चुनिंदा उत्पादों की कीमतों में वृद्धि करने का संकेत दिया है। आम आदमी को महंगाई का ये झटका अगले महीने सितंबर में लग सकता है।ब्रिटानिया से लेकर हिंदुस्तान यूनीलिवर और डाबर तक कच्चे माल की बढ़ती लागत और जियोपॉलिटिकल तनाव का हवाला देते हुए कीमतों में वृद्धि करने की तैयारी में हैं।

 
एफएमसीजी कंपनियों की बड़ी तैयारी

एजेंसी रिपोर्ट के मुताबिक भारत की दिग्गज फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गुड्स कंपनियां सितंबर तिमाही में चुनिंदा उत्पादों की कीमतों में वृद्धि करने की तैयारी कर रही हैं।बीते जून तिमाही के दौरान करीब 2-5 फीसदी का औसत प्राइस हाइक करने के बाद अब एफएमसीजी सेक्टर की कंपनियां महंगाई के दबाव को कम करने के लिए टारगेटेड मूल्य निर्धारण उपायों की ओर बढ़ रही हैं।इन कंपनियों का कहना है कि वस्तुओं की बढ़ती लागत और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं से उनके मार्जिन पर बुरा असर पड़ रहा है और साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और मानसून,अल नीनो के संभावित प्रभावों से जुड़े जोखिमों पर भी कंपनियों की बारीक नजर है,इन सबके मद्देनजर कंपनियां कुछ पैकेजों में उत्पाद की मात्रा कम कर रही हैं या चुनिंदा प्रोडक्ट्स पर कीमतों में इजाफा करने की तैयारी में हैं।

ब्रिटानिया ने दिए संकेत 

ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज को उम्मीद है कि 5 रुपये और 10 रुपये वाले बिस्कुट के पैकेट की कीमतों में मुख्य रूप से 1.5-2 फीसदी की अतिरिक्त वृद्धि की जा सकती है।पीटीआई के मुताबिक ब्रिटानिया एमडी और सीईओ रक्षित हरगवे ने इस प्राइस हाइक का संकेत देते हुए कहा है कि कंपनी को चीनी और ताड़ के तेल जैसे प्रमुख कच्चे माल की बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है,इस तिमाही में आगे चलकर आपको कुछ और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।अगर कुल प्रभाव 1 फीसदी था, तो संभवतः आपको 1.5-2 फीसदी की और बढ़ोतरी दिखेगी।

गोदरेज के सामान भी होंगे महंगे

गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने बीते जून तिमाही में अपने तमाम प्रोडक्ट्स की कीमतों में औसतन लगभग 5 फीसदी की वृद्धि कर ग्राहकों को झटका दिया था।वहीं अब कंपनी सितंबर तिमाही में भी एक मूल्य वृद्धि कर सकती है। हालांकि रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी फिलहाल अतिरिक्त मूल्य निर्धारण संबंधी कदम उठाने से पहले कमोडिटी की लागत में होने वाले बदलावों पर नजर रख रही है।

डाबर भी कीमत में वृद्धि की तैयारी में

ब्रिटानिया और गोदरेज के साथ ही डाबर इंडिया भी आने वाले दिनों में अपने ग्राहकों पर महंगाई का बम फोड़ सकती है।हाई इनपुट कॉस्ट के चुनौतीपूर्ण बने रहने की आशंका के बीच कंपनी मार्जिन सेफ्टी के लिए अपने कुछ सामानों की कीमतों में वृद्धि कर सकती है।

TATA से HUL भी लिस्ट में शामिल

एफएमसीजी सेक्टर की अन्य कंपनियों की बात करें, तो हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड सितंबर तिमाही में कई प्रोडक्ट्स कैटेगरी में कीमतों में वृद्धि कर सकती है।कंपनी ने FY27 की पहली तिमाही में अपने सामानों की कीमतों में 2-5 फीसदी की वृद्धि की थी।रिपोर्ट में HUL CEO-MD प्रिया नायर के हवाले से कहा गया है कि महंगाई की स्थिति के आधार पर, हम सितंबर तिमाही के लिए कीमतों में संशोधन जारी रखेंगे। इसके अलावा टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स  के एमडी सुनील डिसूजा ने भी संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर प्रोडक्ट्स की कीमतों में और बदलाव पर विचार किया जा सकता है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved