बारिश का कहर:जम्मू-कश्मीर में 23 की मौत,असम में 3.63 लाख लोग बाढ़ की चपेट में,उत्तराखंड-हिमाचल में तबाही,यूपी में रेड अलर्ट


बारिश का कहर:जम्मू-कश्मीर में 23 की मौत,असम में 3.63 लाख लोग बाढ़ की चपेट में,उत्तराखंड-हिमाचल में तबाही,यूपी में रेड अलर्ट

मनोज बिसारिया | 21 Jul 2026

 

नई दिल्ली।देशभर के कई राज्यों में मानसून‌ का कहर जारी है।जम्मू-कश्मीर,हिमाचल प्रदेश,उत्तराखंड और असम में भारी बारिश,बाढ़,बादल फटने और भूस्खलन से तबाही मची है।अब तक अलग-अलग राज्यों में कम से कम 28 लोगों की मौत हो चुकी है,लाखों लोग बाढ़ और बारिश से प्रभावित हैं।मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

जम्मू-कश्मीर में 23 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर में पिछले दो दिनों में भारी बारिश,अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 23 लोगों की मौत हुई है। जम्मू संभाग के पुंछ और राजौरी जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं,जहां राहत और बचाव कार्य लगातार बारिश के कारण बाधित रहा।सात लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

असम में बाढ़, 580 गांव जलमग्न

असम में बाढ़ से जन जीवन पूरा अस्त-व्यस्त हो गया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक राज्य के 15 जिलों में 3.63 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इस साल अब तक बाढ़ से 5 लोगों की मौत हो चुकी है।वहीं 580 गांव जलमग्न हैं और 10,362 हेक्टेयर से अधिक फसल बर्बाद हो गई है।कई जगहों पर सड़कें,पुल,तटबंध और अन्य सार्वजनिक ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं।ब्रह्मपुत्र समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

उत्तराखंड में भूस्खलन, 150 सड़के बंद

उत्तराखंड में लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं।चार राष्ट्रीय राजमार्गों समेत लगभग 150 सड़कें बंद हो गई हैं।प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी है।बागेश्वर जिले में सरयू नदी में बहने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। उत्तराखंड में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।ऋषिकेश में गंगा नदी उफान पर है।रामझूला के पास गंगा में बहा एक भेलपुरी विक्रेता करीब 5 किलोमीटर बहने के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के पास बने टापू पर फंस गया।एसडीआरएफ,जल पुलिस और आपदा राहत दल ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बचाया।

हिमाचल में स्कूल-काॅलेज बंद

हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का कहर जारी है।किन्नौर जिले में अचानक आई बाढ़ से सांगला-चितकुल मार्ग और एक महत्वपूर्ण पुल क्षतिग्रस्त हो गया,जिससे सेना और आईटीबीपी की चौकियों का संपर्क टूट गया।चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में बादल फटने से कलाह नाले में जलस्तर अचानक बढ़ गया, हालांकि बीच नाले में फंसे तीन मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया।मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद कांगड़ा, मंडी और सिरमौर समेत कई जिलों के स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं।

यूपी में रेड अलर्ट

यूपी में आईएमडी ने अगले 24 घंटे के लिए 12 जिलों में अधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।बरेली, बिजनौर,रामपुर और शाहजहांपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 150 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।आईएमडी ने आज कई जिलों में बिजली गिरने और तेज आंधी की भी चेतावनी दी है।आईएमडी के 20 जुलाई तक के आंकड़ों के मुताबिक पूर्वी यूपी में सामान्य से 33 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

राजस्थान में होगी भारी बारिश

राजस्थान में भी इस सप्ताह बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर,भरतपुर और अजमेर संभाग में भारी बारिश का अनुमान जताया है,जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी 22 से 28 जुलाई के बीच अच्छी बारिश की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक 

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी हवाओं के मजबूत होने के कारण अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved