नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद एयर क्वालिटी इंडेक्स सबसे अच्छी दर्ज की गयी है।तीन साल में पहली बार एक्यूआई अच्छा दर्ज किया गया है।बुधवार को एक्यूआई 122 था,जो गुरुवार शाम 4 बजे 48 दर्ज किया गया।इस तरह हवा की गुणवत्ता मॉडरेट (औसत) कैटेगरी से अच्छी श्रेणी में आ गई।बरहाल बारिश से राजधानी दिल्ली में काफी नुकसान हुआ।जलभराव से राजधानी का कुछ हिस्सा पानी में डूब गया।इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिन में और बारिश,आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी।
सीएक्यूएम के मुताबिक...
एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (सीएक्यूएम)के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली में 2026 का पहला अच्छा एयर क्वालिटी वाला दिन दर्ज किया गया।शाम 4 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 48 तक पहुंच गया। 48 का एक्यूआई नेशनल एयर क्वालिटी इंडेक्स के तहत अच्छा (0–50) कैटेगरी में आता है,जो इस साल अब तक दिल्ली में दर्ज किया गया।सबसे कम डेली एवरेज एक्यूआई है।यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 10 सितंबर 2023 के बाद यह दिल्ली का पहला अच्छा एक्यूआई वाला दिन है।
अगले 24 घंटों में मूसलाधार बारिश
दिल्ली-एनसीआर इस साल के मानसून की सबसे जबरदस्त बारिश के दौर के लिए तैयार हो रहा है।मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि 10 जुलाई की आधी रात तक अगले 24 घंटों में इस इलाके के कुछ हिस्सों में 180-250 एमएम बारिश हो सकती है। 9 जुलाई की आधी रात से ही इस इलाके में जोरदार बारिश हुई,जिससे जगह-जगह पानी भर गया और सुबह आने-जाने में लोगों को परेशानी हुई,इसके साथ ही तापमान में गिरावट आई और दिल्ली-एनसीआर में मौसम ठंडा हो गया।बुधवार रात से गुरुवार तक दिल्ली,नोएडा, गाज़ियाबाद,गुरुग्राम और फ़रीदाबाद में भारी बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से कई अंडरपास और निचले इलाकों में पानी भर गया,क्योंकि ड्रेनेज सिस्टम इस भारी बारिश का सामना नहीं कर पा रहे थे।
किन इलाकों में होगी ज्यादा बारिश
अनुमान बताते हैं कि एनसीआर में बारिश एक जैसी नहीं होगी।मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के मुताबिक दिल्ली के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। कुछ खास इलाकों में आधी रात तक 180-250 एमएम बारिश हो सकती है।मध्य और दक्षिण दिल्ली,फरीदाबाद और गुरुग्राम के पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी गुरुग्राम में तुलनात्मक रूप से कम,लेकिन फिर भी अच्छी-खासी बारिश होने की उम्मीद है।इन इलाकों में भी कुछ समय के लिए जोरदार बारिश,आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं।