लखनऊ।उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत देने वाली खबर है।यूपी में प्रवेश करने के लिए मानसून ने अपना कदम बढ़ा दिया है।मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब अगले दो से तीन दिनों में यूपी में प्रवेश कर जाएगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक...
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून के यूपी में प्रवेश होने और उसके बाद के दो-तीन दिनों के दौरान पूरे प्रदेश में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बनी हुई हैं। जून के आखिरी हफ्ते में प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून,यूपी की तरफ है रुख
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के कई अन्य राज्यों में अपनी प्रभावी प्रगति दर्ज की है।आज बुधवार को मानसून उत्तर-पूर्वी अरब सागर, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों को कवर कर चुका है,इसके साथ ही मानसून ने महाराष्ट्र के शेष भागों और छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ और इलाकों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है।
मोतिहारी तक पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा इस समय सूरत,इंदौर,मांडला,डाल्टनगंज और बिहार के मोतिहारी से होकर गुजर रही है,चूंकि मानसून बिहार के मोतिहारी तक पहुंच चुका है,इसलिए भौगोलिक रूप से अब यह यूपी के बेहद करीब है।
क्या है मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 से 72 घंटों में मानसून यूपी के पूर्वांचल के रास्तों से यूपी में प्रवेश कर जाएगा।इसके बाद के दो-तीन दिनों में यह आगे बढ़ते हुए मध्य यूपी और पश्चिमी यूपी के जिलों को भी अपनी आगोश में ले लेगा,जिससे तपती गर्मी से जूझ रहे करोड़ों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।