क्रिकेटर रोहित शर्मा,शिबू सोरेन,अलका याग्निक समेत 65 हस्तियों को मिला पद्म पुरस्कार,राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित


क्रिकेटर रोहित शर्मा,शिबू सोरेन,अलका याग्निक समेत 65 हस्तियों को मिला पद्म पुरस्कार,राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित

मनोज बिसारिया | 24 Jun 2026

 

नई दिल्ली।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज,अभिनेता ममूटी,सतीश शाह,क्रिकेटर रोहित शर्मा और पार्श्व गायिका अलका याग्निक समेत 65 हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।

अलका याग्निक,ममूटी को पद्म विभूषण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित दूसरे नागरिक सम्मान समारोह में इन हस्तियों को सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस को जन-सेवा के लिए और मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया।राष्ट्रपति ने अलका याग्निक,ममूटी,अमेरिकी डॉक्टर दत्तात्रेयडु नोरी,टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज,उद्योगपति एसकेएम माएलानंदन और समाजसेवी और शिक्षाविद वी नटेसन को पद्म भूषण से सम्मानित किया‌

शिबू सोरेन को पद्म भूषण, क्रिकेटर रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन ने दिवंगत नेता की ओर से पद्म भूषण सम्मान ग्रहण किया।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने क्रिकेटर रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री से सम्मानित किया।रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने पिछला टी-20 विश्वकप जीता था।सुशील कुमार,योगेश्वर दत्त और रवि दहिया जैसे ओलंपिक पदक विजेताओं के कोच और जॉर्जिया निवासी व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया।उनकी पत्नी ने उनकी ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।

बता दें कि इस समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।नगालैंड के 83 वर्षीय लोक कलाकार और सांस्कृतिक संरक्षक गुरु सांग्युसांग पोंगेनर ने समारोह में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।पारंपरिक नगा वेशभूषा में उनके प्रवेश के समय पीएम मोदी सहित दर्शकों ने ज़ोरदार तालियां बजाईं. उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ से समाज सेविका बुधरी ताती को भी पद्म श्री

छत्तीसगढ़ के नक्सल-प्रभावित बस्तर क्षेत्र में शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम करने वाली समाज सेविका बुधरी ताती को भी पद्म श्री मिला।बुधरी भी अपनी पारंपरिक वेशभूषा में थीं और सम्मान लेने के लिए मंच तक जाते समय खूब तालियां बजीं।

सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया।शाह के भाई ने उनकी ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी और अभी सीबीएफसी के अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति को भी राष्ट्रपति ने पद्म श्री से सम्मानित किया।

अभिनेता आर माधवन,एयरोस्पेस वैज्ञानिक चंद्रमौली गड्डमानुगु...को पद्म श्री

समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुल 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए,इनमें दो पद्म विभूषण,सात पद्म भूषण और 56 पद्म श्री शामिल थे।अभिनेता आर माधवन,एयरोस्पेस वैज्ञानिक चंद्रमौली गड्डमानुगु,आरवीएस मणि और दलित परिवार से ताल्लुक रखने वाले और खुद के दम पर सफल उद्यमी बने अशोक खाडे को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
रेलवे गार्ड रहते हुए प्रेरणादायक साहित्य लिखने वाले दलित लेखक अशोक कुमार हलदर,कर्नाटक संगीत के लिए रंजनी और गायत्री,अभिनेता अनिल कुमार रस्तोगी और प्रोफेसर महेंद्र नाथ रॉय को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सरकार ने साल 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी,जिनमें पांच पद्म विभूषण पुरस्कार शामिल थे।

राष्ट्रपति ने 25 मई को आयोजित पहले नागरिक सम्मान समारोह में 65 पद्म पुरस्कार दिए...

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 25 मई को आयोजित पहले नागरिक सम्मान समारोह में 65 पद्म पुरस्कार दिए थे।देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं- पद्म विभूषण,पद्म भूषण और पद्म श्री,ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए दिए जाते हैं,जिनमें कला, समाज सेवा,जन-सेवा,विज्ञान और इंजीनियरिंग,व्यापार और उद्योग,चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा,खेल,सिविल सेवा आदि शामिल हैं।पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है,जबकि पद्म भूषण उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में योगदान के लिए दिया जाता है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved