नई दिल्ली।नीट पेपर लीक को लेकर केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन लगातार चौथे दिन मंगलवार को भी जारी रहा।इसी बीच एक इंटरव्यू के दौरान केंद्रीय शिक्षामंत्री प्रधान ने कॉकरोच पार्टी के सदस्यों की तुलना आतंकियों की बी-टीम से की,इसके बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी पलटवार करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के हाथ 17 से ज्यादा छात्र-छात्राओं के खून से रंगे हुए हैं।
बता दें कि इंटरव्यू में जब केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीजेपी को आतंकियों की बी-टीम करार दिया। प्रधान ने कहा कि ये तो दहशतगर्दों की बी-टीम है,जिन लोगों को प्रजातंत्र ने सिरे से अस्वीकार कर दिया,वो छद्म रूप में आकर इस प्रकार की व्यवस्था के पीछे पड़े हैं।इसके बाद अभिजीत दीपके ने उनके हाथ छात्रों के खून से रंगे होने का दावा किया।
उनके हाथ तो 17 से ज्यादा छात्रों के खून से रंगे
धर्मेंद्र प्रधान की दहशतगर्तों वाली टिप्पणी के जवाब में पलटवार करते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधान पर तीखा हमला बोला,उनके उसी इंटरव्यू की वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान हमें आतंकवादी कहते हैं,लेकिन विडंबना यह है कि उनके हाथ 17 से ज्यादा छात्रों के खून से रंगे हुए हैं।
अब वे सिस्टम को निशाना बना रहे
इससे पहले एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में धर्मेंद्र प्रधान ने सीजेपी के प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की थी और विपक्षी दलों पर राजनीतिक फायदे के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। प्रधान ने आगे कहा था कि वे भेष बदलकर वापस आ गए हैं और अब सिस्टम को निशाना बना रहे हैं। वे उन लोगों के समर्थन में नारे लगाते हैं जो देश को बांटना चाहते हैं। उनकी पहचान हो गई है।
सीजेपी ने किया डायपर डोनेशन ड्राइव का ऐलान
इसी बीच काॅकरोच जनता पार्टी ने मंगलवार को एक अनोखी डायपर डोनेशन ड्राइव' का ऐलान किया।इस बारे में एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सीजेपी ने अपने समर्थकों से विरोध स्थल पर डायपर लाने,उन पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लिखने और प्रस्तावित डायपर अ डे कीप्स लीक्स अवे अभियान में शामिल होने की अपील की। सीजेपी ने कहा कि एक डायपर लाएं,उस पर उनके (केंद्रीय शिक्षा मंत्री) इस्तीफे की मांग लिखें और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह शिक्षा मंत्री तक पहुंचे।
शिक्षामंत्री के इस्तीफे की जिद पर अड़ी सीजेपी
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का यह दूसरा विरोध-प्रदर्शन है। इससे पहले सीजेपी ने अपना पहला धरना 6 जून को दिया था।पहली बार कुछ घंटों तक धरना देने के बाद दीपके उठ गए थे।इसके बाद सीजेपी के कार्यकर्ता अलग-अलग जगहों में गए और केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। साथ ही इस दौरान उन्होंने छात्रों और लोगों से खराब हो चुकी परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ अभियान में शामिल होने की अपील की थी। हालांकि इस बार उन्होंने शिक्षामंत्री का इस्तीफा होने तक धरनास्थल से हटने से मना कर दिया है।