नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही काॅकरोच जनता पार्टी ने अनोखी मांग कर दी है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अनोखे डायपर डोनेशन ड्राइव का ऐलान किया है।इसमें विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से अपने साथ एक डायपर लाने के लिए कहा गया है,जिसमें वह धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लिखे।इस अभियान का नाम डायपर ए डे कीप्स लीक्स अवे रखा गया है।
सीजेपी ने कहा,एक डायपर लाएं
सीजेपी ने कहा कि एक डायपर लाएं,उस पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लिखें और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह शिक्षा मंत्री तक पहुंचे। सीजेपी ने पोस्ट में कहा है कि ये ड्राइव शाम 6 बजे शुरू होगी। जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन का मंगलवार को चौथा दिन है।
अभिजीत दीपके का पुलिस पर क्या आरोप
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल के दायरे को छोटा करने की कोशिश की है।दीपके ने सोमवार देर रात आरोप लगाया कि पुलिस ने बेरिकेडिंग के जरिए प्रदर्शन स्थल को एक छोटे से क्षेत्र में समेटने का प्रयास किया। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सीजेपी का ये है कहना
काॅकरोच जनता पार्टी पेपर लीक और नीट विवाद समेत परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।सीजेपी का कहना है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते,तब तक उनका यह प्रदर्शन जारी रहेगा। इस विरोध प्रदर्शन में छात्रों,अभ्यर्थियों और वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया है,जिनमें स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) शामिल हैं। एआईएसएफ ने अपने शिक्षा के साथ शिक्षा की लड़ाई पहल के तहत प्रदर्शन स्थल पर एक फ्री लाइब्रेरी भी स्थापित की है।
चार दिनों से प्रदर्शन जारी
शनिवार दोपहर से शुरू हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने ऐलान किया था कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते वह जंतर-मंतर पर अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे।इसके बाद से लेकर अब तक काॅकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है।वहीं पुलिस ने कहा था कि सीजेपी को केवल शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी। पुलिस ने चेतावनी देते हुए प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन स्थल खाली करने के लिए कहा था।उधर प्रदर्शन जारी रखने के बाद अभिजीत दीपके किसानों को भी उनका साथ देने की अपील की थी।