नई दिल्ली।अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी मामले को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है।पूर्व मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में केंद्र सरकार पर हमला बोला है।केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर सरकार से सवाल पूछे हैं कि आखिर कैसे इस तरह की घटना हो गई और किसी को इसकी खबर तक नहीं लगी।
अरविंद केजरीवाल वीडियो में बोल रहे हैं कि राम मंदिर से करोड़ों का चंदा चोरी हो गया,राम भक्तों में बहुत गुस्सा है और मन में कई सवाल हैं।आज मैं सरकार से पहला सवाल पूछ रहा हूं।पूरे राम मंदिर का कंट्रोल चंपत राय के हाथ में है। सबसे ज्यादा आरोप चंपत राय पर ही लग रहे हैं,उसे अब तक हटाया क्यों नहीं गया,क्या इस बात का डर है कि अगर चंपत राय ने मुंह खोला, तो कई बड़े चेहरे बेनकाब हो जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल वीडियो में बोल रहे हैं कि राम मंदिर में अरबों की चोरी हो गई,लोग मंदिर में जाकर अपनी श्रद्धा से पैसे और गहने दान करते हैं,लेकिन मंदिर से वो सब चोरी हो गया है,जिससे भक्तों में गुस्सा है।लोगों के मन में इस घटना को लेकर कई सवाल आ रहे हैं।पांच सवाल हमारे मन में आ रहे हैं,मैं लोगों के सामने पहला प्रश्न रख रहा हूं,इस मंदिर को एक ट्रस्ट चलाता है,जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा बनाया गया था,इस ट्रस्ट में एक शख्स है चंपत राय जो सर्वेसर्वा हैं,आखिर कौन है चंपत राय जिस पर ये आरोप लग रहे हैं वो न कोई संत है और न ही कोई महात्मा,आखिर वो किसका आदमी है, इतनी बड़ी चोरी के बाद भी उसे मंदिर से हटाया क्यों नहीं जा रहा,क्या उसे सारे सबूत मिटाने के लिए वक्त दिया जा रहा है। आखिर उसे कौन बचा रहा है जनता ये जानना चाहती है। केजरीवाल ने वीडियो में ये भी ऐलान किया है कि अगले 2-3 दिनों में वो और भी सवाल पूछेंगे।
बता दें कि इससे पहले रविवार को भी अरविंद केजरीवाल ने इस मामले में एक्स पर लिखा था कि राम मंदिर में करोड़ों हिंदुओं की आस्था है,उसी राम मंदिर से करोड़ों रुपये के चंदे की चोरी हो गई,लेकिन एक भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई।सरकार किसे बचा रही है,इस पाप में शामिल लोग कितने भी बड़े क्यों न हों, उन्हें सीधे जेल में डालो।करोड़ों लोगों की आस्था की रक्षा ज़रूरी है।