आगरा।योगी सरकार की अनुमति पर कानपुर मेट्रो के एक कॉरिडोर के साथ ही आगरा के चार स्टेशनों का लोकार्पण 10 जुलाई को हो सकता है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकार्पण करेंगे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने लोकार्पण समारोह की तैयारी शुरू कर दी है।
योगी सरकार की अनुमति का इंतजार
अब योगी सरकार की अनुमति का इंतजार है।अनुमति मिलते ही चार भूमिगत स्टेशनों की सजावट का कार्य चालू हो जाएगा।वहीं आईएसबीटी,गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशनों का लोकार्पण एक साथ कराया जाएगा।यह लोकार्पण सितंबर के दूसरे सप्ताह में होगा।
बिजलीघर चौराहा से आरबीएस कालेज के मध्य के हैं सभी चार स्टेशन
ताजनगरी आगरा में 30 किलोमीटर लंबा मेट्रो ट्रैक बन रहा है। ताज पूर्वी गेट,फतेहाबाद रोड से लेकर सिकंदरा तिराहा तक पहला कॉरिडोर 14 किलोमीटर लंबा है।डेढ़ साल पहले छह किलोमीटर पर मेट्रो का संचालन शुरू हो चुका है।अब छह किलोमीटर में और संचालन शुरू होने जा रहा है।बिजलीघर चौराहा स्थित मनकामेश्वर स्टेशन से लेकर आरबीएस कॉलेज स्टेशन तक अप और डाउन लाइन पर परीक्षण का कार्य पूरा हो गया है।
योगी सरकार की अनुमति का इंतजार
10 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कानपुर में मेट्रो कॉरिडोर का लोकार्पण प्रस्तावित है।यूपीएमआरसी की टीम इसी कार्यक्रम में आगरा के चार स्टेशनों का लोकार्पण की तैयारी में है। इसके लिए योगी सरकार से अनुमति मांगी गई है। इसका प्रस्ताव भी भेज दिया गया है।जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बैठक होने जा रही है।अनुमति मिलते ही एसएन मेडिकल कॉलेज,आगरा कॉलेज,राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज स्टेशन की सजावट शुरू हो जाएगी।
आईएसबीटी सहित तीन स्टेशनों का एक साथ अलग से होगा लोकार्पण
संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि 10 जुलाई को चार स्टेशनों के लोकार्पण का प्रस्तावित कार्यक्रम है।प्रदेश सरकार की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। पांच से छह दिनों में स्थिति स्पष्ट होगी।वहीं आईएसबीटी सहित तीन स्टेशनों का लोकार्पण सितंबर में होगा। इससे पहले कॉरिडोर में मेट्रो का संचालन हो सकेगा। उन्होंने बताया कि जून 2027 तक मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का कार्य पूरा हो जाएगा।