दुनिया में सबसे ज्यादा गर्म हो रहा बांदा,गर्म होने का कारण तलाशने मैदान में उतरे वैज्ञानिक,प्रशासन बनाएगा एक्शन प्लान


दुनिया में सबसे ज्यादा गर्म हो रहा बांदा,गर्म होने का कारण तलाशने मैदान में उतरे वैज्ञानिक,प्रशासन बनाएगा एक्शन प्लान

धनंजय सिंह | 20 Jun 2026

 

बांदा।उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर प्रचंड गर्मी और हीटवेव की चपेट में है।लगातार रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच रहे तापमान से बांदा दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो रहा है।लोगों का जनजीवन प्रभावित है।अब इस प्रचंड गर्मी के पीछे का कारण जानने के लिए विशेषज्ञों की टीम को मैदान में उतारा गया है।

 छह सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम पहुंची बांदा 

जिला प्रशासन का मानना है कि यदि गर्मी बढ़ने के कारणों की वैज्ञानिक तरीके से पहचान कर ली जाए तो भविष्य में तापमान के प्रभाव को कम करने के लिए प्रभावी योजना बनाई जा सकती है,इसी उद्देश्य से छह सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम बांदा पहुंची है।यह टीम अलग-अलग तकनीकी तरीकों और जमीनी सर्वे के जरिए उन सभी कारणों की पड़ताल करेगी,जिससे बांदा में लगातार तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच रहा है।

विशेषज्ञों की मांग पर शासन ने भेजी टीम

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि जब उन्होंने जिले का कार्यभार संभाला था,उस समय बांदा का तापमान दुनिया के सबसे अधिक तापमान वाले शहरों में दर्ज किया जा रहा था,इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से गर्मी से बचाव के कई उपाय किए गए। डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन ने शासन को पत्र लिखकर विशेषज्ञों की टीम उपलब्ध कराने की मांग की थी,ताकि यह वैज्ञानिक रूप से पता लगाया जा सके कि आखिर बांदा में इतनी अधिक गर्मी क्यों पड़ रही है।शासन की मंजूरी के बाद छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम बांदा पहुंची है, जो फील्ड में उतरकर सैटेलाइट डेटा और अन्य वैज्ञानिक तरीकों से विस्तृत अध्ययन करेगी।

भूजल,जमीन और हरियाली की होगी गहन जांच

डीएम ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम जिले में भूजल स्तर का अध्ययन करेगी,इसके तहत नदियों,तालाबों और अन्य जल स्रोतों में पानी की उपलब्धता तथा जमीन में नमी की स्थिति का आकलन किया जाएगा। डीएम ने कहा कि टीम यह भी जांच करेगी कि भूजल स्तर में गिरावट और जमीन में नमी की कमी किस हद तक तापमान बढ़ाने के लिए जिम्मेदार है, इसके अलावा गर्म हो रही जमीन और उसके तापमान का भी वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा।जिले में पेड़-पौधों की स्थिति,हरित क्षेत्र में कमी और अवैध कटान का भी अध्ययन किया जाएगा, ताकि यह समझा जा सके कि पर्यावरणीय बदलाव का स्थानीय तापमान पर कितना असर पड़ रहा है।

रिपोर्ट के बाद बनेगी भविष्य की रणनीति

डीएम अमित आसेरी ने बताया कि विशेषज्ञ अलग-अलग क्षेत्रों में अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे।रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन और विशेषज्ञ मिलकर भविष्य की कार्ययोजना तैयार करेंगे। डीएम ने कहा कि उद्देश्य केवल वर्तमान गर्मी से राहत देना नहीं,बल्कि आने वाले वर्षों में बांदा को भीषण गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए स्थायी समाधान तैयार करना है।

 जिले में अवैध पेड़ कटान पर लगातार निगरानी

डीएम ने बताया कि जिले में अवैध पेड़ कटान पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।प्रशासन का प्रयास है कि वैज्ञानिक अध्ययन और पर्यावरण संरक्षण के जरिए भविष्य में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved