नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी अब सिर्फ परेशानी नहीं,बल्कि अब खतरनाक होती हुई नजर आ रही है।दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इस सीजन का पहला हीट स्ट्रोक मरीज भर्ती किया गया है। 24 साल का यह युवक पश्चिम बंगाल का छात्र है,जो ट्रेन से सफर के दौरान बीमार पड़ा और बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया। उसकी हालत गंभीर है और वह वेंटिलेटर पर आईसीयू में भर्ती है।डॉक्टर उसकी जान बचाने में जुटे हैं।डॉक्टरों का कहना है कि इस समय गर्मी और लू को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।
जानें कब का है मामला
मामला बुधवार-गुरुवार रात का है,जब करीब 1:45 बजे युवक को बेहोशी की हालत में राममनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया।युवक ट्रेन में सफर कर रहा था और उसे लगातार उल्टी,कमजोरी और दस्त की शिकायत हो रही थी।हालत इतनी बिगड़ गई कि वह बेहोश हो गया।अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने देखा कि उसके शरीर का तापमान बेहद ज्यादा था और उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ रही थी।डॉक्टर अजय चौहान के मुताबिक मरीज को तुरंत ठंडे पानी और बर्फ की मदद से शरीर का तापमान कम करने की कोशिश की गई, इसके बाद उसे आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया। उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली में लू का अलर्ट,डॉक्टरों की बड़ी चेतावनी
डॉक्टरों का कहना है कि लोग लू और भीषण गर्मी को सिर्फ मौसम का मिजाज समझकर हल्के में लेने की भूल कतई न करें।अगर लंबे समय तक तेज धूप या भीषण गर्मी में रहा जाए, तो शरीर पानी की कमी का शिकार हो जाता है और हालात जानलेवा बन सकते हैं,इससे डिहाइड्रेशन,चक्कर आना,सांस की दिक्कत,दिल की बीमारी बढ़ना और गंभीर मामलों में शरीर के अंग भी काम करना बंद कर सकते हैं।
डाॅ. ने लोगों को दी ये सलाह
डॉक्टर अजय चौहान ने लोगों को सलाह दी है कि इस समय धूप में कम से कम निकलें,खूब पानी पिएं और शरीर में नमक व इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न होने दें।बाहर काम करने वालों को छांव में रुक-रुककर काम करना चाहिए,हल्के सूती कपड़े पहनना और ताजे फल खाना भी जरूरी बताया गया है।
दिल्ली में लगातार बढ़ रहा है गर्मी का असर
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है।बुधवार की रात मई महीने की पिछले लगभग 14 सालों में सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और दिन में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है,ऐसे में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है।