तावे की तरह गर्म सड़कें,आंच फेंकतीं हवाएं,46 डिग्री की तपिश में संगम बना ठिकाना


तावे की तरह गर्म सड़कें,आंच फेंकतीं हवाएं,46 डिग्री की तपिश में संगम बना ठिकाना

धनंजय सिंह | 21 May 2026

 

प्रयागराज।संगम नगरी तप रही है,सड़कें तावे की तरह गर्म हैं,हवा ऐसे चल रही है जैसे किसी ने हीटर चालू कर दिया हो,सूरज मानो सीधे सिर पर उतर आया हो।हालत ये है कि तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है।इस भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग अब AC नहीं संगम का सहारा ले रहे हैं। त्रिवेणी संगम इन दिनों कूलिंग सेंटर बन गया है,कोई डुबकी लगा रहा है,कोई घंटों तक पानी में बैठा हुआ है तो कोई सिर तक पानी में डुबोकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहा है।भीषण गर्मी से गंगा और यमुना का जलस्तर भी कम हो गया है,जिससे संगम क्षेत्र में जगह-जगह बालू के टीले दिखाई देने लगे हैं।

संगम पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि गर्मी इतनी ज्यादा है कि पानी से बाहर निकलते ही शरीर दोबारा तपने लगता है। इसलिए लोग मिनटों नहीं घंटों तक पानी में बैठे रहते हैं।किसी के हाथ में गमछा है,कोई सिर पर पानी डाल रहा है,कोई बच्चों को लेकर पानी में बैठा है।संगम तट पर हर तरफ एक ही लड़ाई दिख रही है- गर्मी से बचने की लड़ाई।

संगम की तस्वीर भी बदल गई है।जनवरी-फरवरी में जहां माघ मेले के दौरान हर तरफ पानी ही पानी दिखाई देता था अब वहां रेत के बड़े-बड़े टीले नजर आ रहे हैं।भीषण गर्मी ने गंगा और यमुना दोनों का जलस्तर कम कर दिया है।हालत ये है कि कई जगह श्रद्धालुओं को घुटने भर पानी में ही डुबकी लगानी पड़ रही है,ठीक से स्नान भी नहीं कर पा रहे।संगम के बीचों-बीच अब बालू के टापू दिखाई देने लगे हैं।

स्थानीय लोग और श्रद्धालु कह रहे हैं कि इस बार की गर्मी ने हालत खराब कर दी है।दिन चढ़ते ही सड़कें खाली होने लगती हैं,लोग घरों में कैद हो रहे हैं,लेकिन जो संगम पहुंच रहे हैं, वो पानी छोड़ने का नाम नहीं ले रहे।एक श्रद्धालु ने कहा कि पानी में बैठे रहो तो थोड़ी राहत मिलती है,बाहर आते ही लगता है जैसे आग लग गई हो।

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो फिलहाल लोगों को राहत मिलने वाली नहीं है।अगले कुछ दिनों तक गर्म हवाएं और तेज धूप लोगों को और परेशान कर सकती हैं।यानी संगम नगरी में अभी सूरज का टॉर्चर जारी रहेगा।शायद यही वजह है कि इन दिनों संगम में लोग गर्मी से बचने के लिए पहुंच रहे हैं।आस्था की डुबकी तो लग ही रही है,लेकिन इस समय संगम लोगों के लिए हीट थेरेपी से बचने की सबसे बड़ी जगह बन चुका है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved