गुरुग्राम।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को गुरुग्राम में हरियाणा कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में शामिल हुए।राहुल गांधी ने सद्भाव यात्रा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डोनाल्ड ट्रंप के बिना एक शब्द नहीं बोल सकते।अगर डोनाल्ड ट्रंप उन्हें कूदने के लिए बोलेंगे तो वह कूद जाएंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ दिन पहले नरेंद्र मोदी ने अमेरिका से ट्रेड डील की।इस डील में अमेरिका को सबकुछ मिल गया और भारत को कुछ नहीं मिला। राहुल ने कहा कि अमेरिका के दबाव में आकर नरेंद्र मोदी ने ये डील कर डाली,जबकि हिंदुस्तान का कोई भी प्रधानमंत्री ऐसी डील नहीं कर सकता था।
राहुल गांधी ने दावा किया कि पीएम मोदी ने भारत के एग्रीकल्चर सेक्टर को अमेरिका के लिए खोल दिया।मोदी ने ट्रंप से वादा किया कि वे हर साल 9.5 लाख करोड़ का माल अमेरिका से खरीदेंगे।मोदी ने कहा कि अमेरिका की अनुमति के बिना भारत किसी देश से तेल नहीं खरीदेगा इतना ही नहीं, भारत का सारा का सारा डेटा अमेरिका को सौंप दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश,हरियाणा,महाराष्ट्र,बंगाल और असम का चुनाव इन्होंने चोरी किया,इन्होंने चुनाव चोरी करने का सिस्टम बना लिया है,लाखों नाम काट देते हैं,लाखों नए नाम जोड़ देते हैं। राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग इनके कंट्रोल में है,नौकरशाही इनके कंट्रोल में है और ये सोचते हैं कि इनका राज रुक नहीं सकता,लेकिन इनका समय आने वाला है,जनता को ये बात समझ आ गई है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश को बेचने का काम कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने गुरुग्राम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है,युवाओं को डिग्री मिल जाती है,लेकिन रोजगार नहीं मिलता। राहुल ने कहा कि देश की छोटी और मीडियम इंडस्ट्री तबाह कर दी गईं। अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों को सबकुछ सौंपा जा रहा है,चीन से सस्ता माल लाकर देशभर में बेचा जा रहा है। युवाओं को सोशल मीडिया की लत लगाई जा रही है।