नई दिल्ली।कच्चे तेल के दाम में लगातार हो रहे इजाफे से सरकार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर के दाम में इजाफे पर विचार कर रही है।सूत्रों के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की कीमत में 4-5 रुपए प्रति लीटर तक इजाफा हो सकता है।वहीं घरेलू गैस के दाम में 40-50 रुपए प्रति सिलेंडर इजाफा हो सकता है।बता दें कि यह खबर ऐसे समय में आई है,जब 1 मई से कमर्शियल एलपीजी के दाम में 993 रुपये का इजाफा हुआ है।
सूत्रों मुताबिक सरकार एलपीजी गैस के दाम और पेट्रोल-डीजल में इजाफा करके तेल कंपनियों और सरकारी खजाने पर से बोझ को कम करना चाहती है,क्योंकि ईरान-अमेरिका तनाव से कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊपर बनी हुई हैं।गुरुवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम 126 रुपये से ज्यादा हो गए थे,जो मार्च 2022 के बाद के बाद सबसे ज्यादा हैं।इस वजह से सरकार और तेल कंपनियों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है।
सूत्रों का कहना है कि सरकार मिडिल ईस्ट के हालात पर नजर रखे हुए है।अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।संभावित इजाफे पर फैसला 5-7 दिनों के भीतर होने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में इजाफे से तेल कंपनियों को नुकसान हुआ है।साथ ही कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से राजकोषीय बोझ बढ़ रहा है।ऐसे आंतरिक चर्चाएं जारी हैं,कई तरह के विकल्प तलाशे जा रहे हैं।सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि महंगाई का असर कम से कम हो।
सूत्रों का कहना है कि अगर मंजूरी मिली,तो लगभग 4 साल बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह पहला इजाफा होगा। 2022 से पेट्रोल और डीजल की कीमतें में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने एक्स पर लिखा है कि बीते चार साल से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े।बीते 60 दिन से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने के कारण कच्चे तेल के आयात की लागत तेजी से बढ़ी,फिर भी देश में ईंधन के दाम नहीं बढ़े,जबकि दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
बता दें कि सैन्य संघर्ष से कई देशों में उपभोक्ताओं के लिए ईंधन की लिमिट तय हो गई,लंबी लाइनें देखने को मिलीं, लेकिन भारत ने Panic को Policy नहीं बनने दिया।देश की रसोई में ईंधन सप्लाई नहीं रुकी।पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े।आखिरी बार रसोई गैस के दाम में 7 मार्च 2026 को इजाफा हुआ था।अभी दिल्ली में रसोई गैस की कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में एक रसोई सिलेंडर की कीमत 939 रुपये है।