नई दिल्ली।दिल्ली की सियासत में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने बड़ा भूचाल ला दिया है।राघव आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और साथ में छह अन्य राज्यसभा सांसदों को भी ले गए।अब राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है।राघव ने कहा कि आज दिल्ली में शीश महल पार्ट टू सामने आ गया है। इसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं।यदि दिल्ली चुनावों में आम आदमी पार्टी की हार का कोई एक बड़ा कारण था, तो वह शीश महल ही था।
भाजपा ने लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले को लेकर केजरीवाल पर शनिवार को साधा निशाना
दरअसल, भाजपा ने लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले को लेकर अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को निशाना साधा। भाजपा ने इसे शीश महल-2 करार दिया। भाजपा ने आरोप लगाया कि इसमें सुविधाएं बढ़ाने के लिए निजी रकम का भी इस्तेमाल किया गया है। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा ने भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल को ऐशो आराम पसंद है। वे इसके आदी बन चुके हैं। दिल्ली के मतदाताओं ने जब उन्हें शीश महल से बाहर कर दिया तो वह पंजाब चले गए और उन्होंने वहां एक बंगले पर कब्जा कर लिया। अब दिल्ली के लोधी एस्टेट में उन्होंने शीशमहल-2 तैयार कराया है।
अब दिल्ली में शीश महल पार्ट टू आया सामने
राघव चड्ढा ने इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। राघव ने कहा कि एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि आज दिल्ली में शीश महल पार्ट टू सामने आ गया है,इसकी कुछ तस्वीरें भी बाहर आई हैं।मेरा मानना है कि दिल्ली के चुनावों में आम आदमी पार्टी की हार की मुख्य वजहों में से एक वजह शीश महल भी था। दिल्ली चुनाव खत्म हुए एक साल भी नहीं हुए कि शीश महल पार्ट टू सामने आ गया है। इस मुद्दे को लेकर दिल्ली के लोग जब आम आदमी पार्टी के गिने-चुने कुछ अच्छे कार्यकर्ताओं से सवाल करेंगे तब वे क्या जवाब देंगे।आम आदमी पार्टी को इस मुद्दे पर आत्ममंथन करना चाहिए। इस पर विचार करना चाहिए।
फ्लैगस्टाफ रोड बंगले को बताया था शीश महल
सनद रहे भाजपा ने सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगले को शीश महल करार देते हुए सीधे अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था। भाजपा ने उस बंगले की भव्य साज-सज्जा में कथित वित्तीय गड़बड़ियों का आरोप लगाया था।
नहीं बची आप में काम करने की गुंजाइश
भाजपा नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का नया आवास 95, लोधी एस्टेट में है, जहां वह अब रह रहे हैं। इसमें 5 शयनकक्ष और 4 बैठक कक्ष हैं। इसमें लुटियंस दिल्ली के किसी भी अन्य बंगले से बेहतर सुविधाएं हैं। आलम यह है कि आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार के कारण ही शुक्रवार को उसके 7 राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी। राघव चड्ढा ने इस बयान पर मुहर लगाते हुए कहा कि आज ईमानदार और मेहनती कार्यकर्ताओं को लगता है कि अब आम आदमी पार्टी में काम करने की कोई गुंजाइश नहीं बची है।
क्यों छोड़ी पार्टी,यह भी बताया
राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसे गलत रास्ते पर चल पड़ी है,जिससे कोई भी जुड़ना नहीं चाहता है। यही वजह है कि एक-एक करके तमाम नेता आम आदमी पार्टी छोड़ चुके हैं। इसको लेकर एक नहीं 7 सांसद एक साथ आम आदमी पार्टी छोड़ रहे हैं। इन नेताओं का मानना है कि आम आदमी पार्टी भ्रष्ट और समझौतावादी हाथों में चली गई है। आम आदमी पार्टी के जो लोग यह कह रहे हैं कि हमने डर के कारण आप को छोड़ने का फैसला किया है तो यह सही नहीं है। हमने आम आदमी पार्टी से डर के कारण नहीं वरन उससे घृणा होने के कारण उसको छोड़ दिया है।