ताजमहल के टिकट के नाम पर ठगी,विदेशी पर्यटक फेक वेबसाइट पर बने शिकार,1300 की जगह वसूले 3200 


ताजमहल के टिकट के नाम पर ठगी,विदेशी पर्यटक फेक वेबसाइट पर बने शिकार,1300 की जगह वसूले 3200 

धनंजय सिंह | 09 Apr 2026

 

आगरा।विश्व विख्यात ताजमहल घूमने आए विदेशी पर्यटकों के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।विदेशी पर्यटकों को निशाना बनाते हुए एक फर्जी वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन टिकट बेचे जा रहे थे।इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब पर्यटक ताजमहल पहुंचने के बाद अपने टिकट की जांच करवा रहे थे और वे नकली पाए गए।

कुछ विदेशी पर्यटकों ने ऑनलाइन टिकट खरीदने के लिए एक वेबसाइट सर्च की थी,इस वेबसाइट पर असली से ज्यादा कीमत पर टिकट बेचे गए।एक पर्यटक ने लगभग 3,200 रुपये से अधिक का पेमेंट किया,जबकि ताजमहल के अधिकृत टिकट की कीमत लगभग 1300 रुपये है,इस तरह पर्यटकों से ज्यादा पैसे वसूलने के साथ-साथ उन्हें फर्जी टिकट भी थमा दिए गए।

इस मामले का खुलासा ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात कर्मचारी बबलू कुमार पासवान ने किया,जब उन्होंने तीन विदेशी पर्यटकों के टिकट में गड़बड़ी देखी।जांच करने पर सामने आया कि ये टिकट [https://ticketstajmahal.com](https://ticketstajmahal.com) नाम की एक फर्जी वेबसाइट से बुक किए गए थे।तीनों पर्यटकों ने कुल मिलाकर 105 डॉलर का भुगतान किया था।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।अधिकारियों ने साफ किया है कि ताजमहल और अन्य संरक्षित स्मारकों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म ही मान्य हैं. इनमें asipayumoney.com (केनरा बैंक) और asi.payugov.in (NSDL) शामिल हैं।

ताजमहल की वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद ने इस मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।वहीं अधीक्षक पुरातत्व डॉक्टर स्मिता एस कुमार ने बताया कि फर्जी वेबसाइट के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।यह वेबसाइट पहले भी इस तरह की धोखाधड़ी में शामिल रही है।

इस घटना के बाद एएसआई ने पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया है। एएसआई ने पर्यटकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान या गैर-आधिकारिक वेबसाइट से टिकट बुकिंग न करें।केवल अधिकृत वेबसाइट या आधिकारिक माध्यमों का ही इस्तेमाल करें,ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब ताजमहल के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।इससे पहले फरवरी 2023 में भी ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया था।दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी।कई संदिग्ध वेबसाइटों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी,लेकिन इसके बावजूद ऑनलाइन ठगी के नए तरीके सामने आ रहे हैं।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved