प्रयागराज में अफवाह के बीच 2 दिन में बिका 35 लाख लीटर पेट्रोल-डीजल,सूख गईं टंकियां


प्रयागराज में अफवाह के बीच 2 दिन में बिका 35 लाख लीटर पेट्रोल-डीजल,सूख गईं टंकियां

धनंजय सिंह | 27 Mar 2026

 

प्रयागराज।उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अफवाह के बीच दो दिनों में 35 लाख पेट्रोल-डीजल की बिक्री हुई।सुबह से देर शाम तक दो पहिया और चार पहिया वाहनों की पेट्रोल पंपों पर लंबी कतार लगी रहीं।डीएम सहित अन्य अफसर लगातार इसे अफवाह बताते हुए जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी न होने की बात कह रहे हैं।सोशल मीडिया से अपील की जा रही है।

पेट्रोल पंपों पर जुटी भीड़ से साफ है कि लोगों नहीं यकीन

अफसर इसे अफवाह बता रहे हैं,लेकिन पेट्रोल पंपों पर जुटी भीड़ से साफ है कि लोगों को इस पर यकीन नहीं है।यही कारण है कि पहले जहां एक दिन में शहर में सात से आठ लाख लीटर पेट्रोल और डीजल बिकता था।बुधवार और गुरुवार की भीड़ से आंकड़ा 35 लाख लीटर को पार कर गया।आलम यह है कि गुरुवार की शाम तक कई टंकियां सूखने लगीं। दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंप यह कहते हुए बंद कर दिए गए कि उनके पास न तो पेट्रोल है और न ही डीजल बचा है

पंप संचालकों ने जमाखोरी रोकने के लिए बनाया मानक

पंप संचालकों ने जमाखोरी रोकने और आम नागरिकों की जरूरतों को देखते हुए दो पहिया वाहनों में अधिकतम 200 रुपये और चार पहिया वाहनों में अधिकतम दो हजार रुपये का पेट्रोल और डीजल भरा।कुछ लोग दूर जाने की दुहाई देकर चार पहिया वाहनों में तीन हजार रुपये का डीजल मांगते रह गए,लेकिन पंप संचालकों ने उन्हें स्पष्ट रूप से यह कहकर मना कर दिया कि आगे दूसरे जिले में पंप मिलेंगे,वहां पर भरवा लें।यहां पर जरूरत के अनुसार ही फीलिंग होगी। दोपहर 12 बजे मेयोहॉल पेट्रोल पंप बंद हो गया। शाम चार बजे अलोपीबाग पेट्रोल पंप बंद हो गया था। वहीं शाम सवा चार बजे लाउदर रोड स्थित धान्या पेट्रोल पंप बंद हो चुका था। सभी जगह पेट्रोल और डीजल खत्म होना कारण बताया गया। पंप संचालकों ने बताया कि जिले के दो दर्जन से अधिक पंपों की टंकियों में पेट्रोल व डीजल शाम तक खत्म हो चुका था।

औसत से दोगुनी हुई बिक्री

जिला आपूर्ति अधिकारी सुनील सिंह का कहना है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की औसत मांग प्रतिदिन सात से आठ लाख लीटर है,लेकिन बुधवार की रात तक ही सात लाख 60 हजार लीटर पेट्रोल व नौ लाख 92 हजार लीटर डीजल की बिक्री हो गई थी। स्पष्ट है कि पेट्रोल-डीजल मिलाकर बुधवार को 17.52 लाख लीटर की बिक्री हुई,जो प्रतिदिन की औसत बिक्री से दोगुना से भी अधिक है। वहीं गुरुवार को शाम तक लगभग 20 लाख लीटर की बिक्री का अनुमान जताया गया था। हालांकि अंतिम तौर पर आंकड़े शुक्रवार सुबह तक एकत्र होने की बात कही गई। एडीएम नागरिक आपूर्ति विजय शर्मा ने बताया कि कोई विकट समस्या नहीं है। कुछ जगह से पेट्रोल व डीजल खत्म होने की सूचना मिली है तो वहां पर आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। सभी से यही अपील है कि वो परेशान न हों। हमारे यहां कोई किल्लत नहीं है।

अफसरों की अपील पर नहीं रहा यकीन

अफसरों की अपील पर लोगों को यकीन हो भी तो भला कैसे, यही वो अफसर हैं,जो गैस सिलेंडर को लेकर यह कहते हुए घूम रहे थे कि जिले में घरेलू सिलेंडर की कोई कमी नहीं, लेकिन स्थिति यह है कि एक पखवारे से अधिक हो गए सिलेंडर के लिए लगने वाली लाइन सामान्य नहीं हो सकी। गुरुवार की सुबह सात बजे से ही शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंपों के परिसर दो और चार पहिया वाहनों से भर गए थे। पंप से सटे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार देखी गई। अलोपीबाग, सोहबतियाबाग, बालसन चौराहा, सिविल लाइंस, सरदार पटेल मार्ग पर सुबह ही वाहनों की कतार मशीन से लेकर सड़क तक लगी रही।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved