नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम में अग्निकांड पीड़ितों से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ बदसलूकी के आरोपों के बीच दिल्ली के आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज शुक्रवार को मीडिया के सामने अपनी ही अर्थी लेकर पहुंच गए।सौरभ ने कहा,मैंने पार्टी ऑफिस में ही अपनी अर्थी मंगा ली है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए सौरभ भारद्वाज ने
कहा कि हम बाप से भी नहीं डरते।सौरभ ने बीजेपी पर पालम अग्निकांड को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। बता दें कि सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को इस सिलसिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मीडिया के सामने अपनी अर्थी लेकर पहुंच गए।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कल भाजपा ने पूरी कोशिश की कि हम लोग शोक सभा में न बैठें और इस पर चर्चा न हो कि आखिर लोग क्यों मर गए।हम पर कुर्सियां फेंककर मारी गईं, हमारे पूर्व विधायक विनय मिश्रा को लगी।हमारी महिला पार्षद की छाती पर पुलिस वालों ने हाथ और कोहनियां मारीं।सौरभ ने कहा,कल भाजपा की गुंडागर्दी के बाद भी अरविंद केजरीवाल जी शेर की तरह शोक सभा में गए।हमने सिर पर कफन बांध लिया है,हम भाजपा के गुंडों से नहीं डरने वाले हैं, फिर चाहे हमें गोली मार दो। सौरभ ने कहा,कफन अब हमने अपने सिर पर बांध लिया है और हम डरने वाले नहीं है,हर मुद्दा उठाएंगे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा,आज पालम अग्निकांड को लेकर अखबारों में वह खबर भी छप गई,जिसे दिल्ली सरकार और पुलिस दबाने की कोशिश कर रही थी।अगर समय पर फायर ब्रिगेड की सीढ़ी खुल जाती,तो लोगों की जान बच सकती थी। सौरभ ने कहा कि पास में ही एक मैट्रेस की दुकान थी,लेकिन फायर ब्रिगेड ने गद्दे बिछाने नहीं दिए।फायर ब्रिगेड की तीसरी गाड़ी की हाइड्रोलिक सीढ़ी भी काम नहीं कर सकी, जिस वजह से लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार 9 लोगों की जान बचाना चाहती तो लोगों को गद्दे बिछाने देती,लेकिन सरकार लोगों की नहीं,अपनी जान बचाना चाहती थी। सौरभ ने कहा कि भाजपा सरकार की एक दिन की बदनामी ना हो कि इनकी फायर ब्रिगेड ठीक से काम नहीं करती, इसलिए 9 लोगों को मरने दिया गया।
सौरभ भारद्वाज ने कहा,मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि थोड़ी सी शर्म करो।एक परिवार के 9 लोग मर गए और तुम गंदी राजनीति कर रहे हो। सौरभ ने कहा कि हमें कल से गालियां दी जा रही हैं,लोगों की मौत पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। भाजपा सरकार इतनी सेंसरशिप कर रही है कि जो लोग मर गए, उनके अंतिम संस्कार की वीडियो तक नहीं दिखाने दी जा रही।