ठंडे पड़े चूल्हे:बुकिंग के बाद भी नहीं आ रहा सिलिंडर,लग रही लंबी लाइन,एजेंसियों का दावा-सब ठीक है


ठंडे पड़े चूल्हे:बुकिंग के बाद भी नहीं आ रहा सिलिंडर,लग रही लंबी लाइन,एजेंसियों का दावा-सब ठीक है

मनोज बिसारिया | 20 Mar 2026

 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गैस सिलिंडर की सप्लाई की समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। दिल्ली के कई इलाकों में सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से  उपभोक्ताओं में नाराजगी है।स्थिति यह है कि ऑनलाइन बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल रहा है।मजबूर होकर उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।लक्ष्मी नगर,शाहदरा,मयूर विहार, संगम विहार,विवेक विहार,बदरपुर और कालकाजी समेत कई इलाकों में सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ लग रही है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद उन्हें डिलीवरी का समय दिया जाता है,लेकिन सिलिंडर समय पर नहीं पहुंचता है।

एजेंसियों का दावा,सप्लाई में कोई कमी नहीं

गैस सिलिंडर की किल्लत पर गैस एजेंसियों का कहना है कि सप्लाई में किसी तरह की कमी नहीं है।आरके पुरम में गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि अधिकतर उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। कभी-कभी परिवहन या तकनीकी कारणों से थोड़ी देरी हो सकती है,लेकिन इसे बड़ी समस्या नहीं कहा जा सकता। वहीं, अधिकतर एजेंसी संचालकों का कहना है कि सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य है, इसे लेकर बस पैनिक फैलाया जा रहा है।

डिलीवरी व्यवस्था पर सवाल

कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसियों की डिलीवरी व्यवस्था ठीक से काम नहीं कर रही।कई बार डिलीवरी कर्मी फोन कर देते हैं कि सिलिंडर लेकर आ रहे हैं,लेकिन बाद में डिलीवरी नहीं होती।कुछ मामलों में उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

जानें उपभोक्ताओं ने क्या बताया 

बदरपुर के रहने वाले दीपक ने बताया कि अगर बुकिंग के बाद सही समय और स्थिति की जानकारी मिलती तो परेशानी कम होती,लेकिन फिलहाल यह व्यवस्था ठीक से काम नहीं कर रही है।मुनिरका की रहने वाली रानी ने बताया कि सिलिंडर के लिए उन्होंने बुकिंग की थी,लेकिन 10 से 15 दिन हो गए अब तक सिलिंडर नहीं आया है। मयूर विहार के राकेश ने बताया कि उन्हें सिलिंडर नहीं मिल रहा है।एजेंसी में कई बार संपर्क करने के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।

सिलिंडर के लिए लंबा इंतजार

आरके पुरम,विवेक विहार,कालकाजी,उत्तम नगर,कोटला, पंजाबी बाग,मुनिरका,लक्ष्मी नगर,मयूर विहार और संगम विहार समेत कई इलाकों में गैस डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं।उपभोक्ताओं के मुताबिक उन्होंने ऑनलाइन या फोन से गैस सिलिंडर बुक कराया तो है, लेकिन तय समय के बाद भी डिलीवरी नहीं हुई है।

बता दें कि गैस सिलिंडर की सप्लाई में देरी का सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ रहा है। खासकर कामकाजी परिवारों और छोटे बच्चों वाले घरों में यह समस्या ज्यादा गंभीर हो जाती है। गैस खत्म होने के बाद लोगों को बाहर का खाना मंगवाना पड़ता है या वैकल्पिक इंतजाम करना पड़ता है,जिससे खर्च भी बढ़ जाता है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved