नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं से ठंड जैसा अहसास हो रहा है।दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी काफी सुधार दिख रहा है।लगभग पांच महीने बाद दिल्ली में एक्यूआई 100 से नीचे दर्ज किया गया है,जो संतोषजनक श्रेणी में है।बारिश से हवा में मौजूद प्रदूषक कण कम हो गए हैं,जिससे एक्यूआई 93 दर्ज किया गया है,इससे पहले दिल्ली में संतोषजनक श्रेणी में एक्यूआई 9 अक्टूबर, 2025 को दर्ज किया गया था,तब यह 99 दर्ज किया गया था।
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक...
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक शनिवार से 23 मार्च तक एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम,201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
बारिश से कहां कितना तापमान
शुक्रवार को पालम में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 10.4 डिग्री कम था। लोधी रोड में 21.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 9.0 डिग्री कम), रिज में 21.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 10.7 डिग्री कम) और आया नगर में 21.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 10.5 डिग्री कम) तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की अगर बात की जाए तो सफदरजंग में यह 16 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।पालम में 14.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.7 डिग्री कम), लोधी रोड में 15.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक), रिज में 15.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.6 डिग्री कम) और आया नगर में 16 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.2 डिग्री कम) दर्ज किया गया।
7 मिमी बारिश दर्ज की गई
राजधानी दिल्ली में दिन के दौरान 7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे इस महीने की अब तक की औसत बारिश 16.2 मिमी हो गई है। यह 2023 के बाद पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक बारिश वाला मार्च बन गया है। साल 2023 में मार्च के महीने में औसत बारिश 50.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
बारिश का सिलसिला खत्म होने की संभावना
शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है, जिससे हाल के दिनों की बारिश का सिलसिला खत्म हो सकता है।