अरविंद केजरीवाल बोले-जनता और बजरंगबली का आशीर्वाद,बाबा साहब के संविधान की बदौलत हमें न्याय मिला


अरविंद केजरीवाल बोले-जनता और बजरंगबली का आशीर्वाद,बाबा साहब के संविधान की बदौलत हमें न्याय मिला

मनोज बिसारिया | 28 Feb 2026

 

नई दिल्ली।दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,पंजाब प्रभारी पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचे और बजरंगबली का आशीर्वाद लिया।

इस मौके पर अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल,पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, सांसद संजय सिंह,विधायक कुलदीप कुमार,पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।सभी ने हनुमान मंदिर के दर्शन किए और विधि विधान से पूजा कर बजरंगबली से सुख-शांति और साहस देने की प्रार्थना की।

बजरंगबली का दर्शन करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अपनी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल और पार्टी के अन्य साथियों के साथ शनिवार को कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भगवान बजरंगबली जी के चरणों में माथा टेका। प्रभु सभी के जीवन में सुख,शांति और साहस बनाए रखें,सबका कल्याण करें।जय बजरंग बली। केजरीवाल ने कहा कि जनता व बजरंग बली के आशीर्वाद और बाबा साहब के बनाए संविधान की बदौलत कोर्ट से हम सभी को न्याय मिला।मनीष सिसोदिया ने कहा कि जिनके ऊपर संकट मोचन हनुमान जी का आशीर्वाद हो,उनको डराना और हराना नामुमकिन है।

अरविंद केजरीवाल को प्राचीन हनुमान मंदिर आने की सूचना पाकर उनसे मिलने बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे। लोगों ने अरविंद केजरीवाल से हाथ मिलाए,सेल्फी ली और कोर्ट से आरोप मुक्त होने की बधाई दी। इस दौरान महिलाओं में केजरीवाल से मिलने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने केजरीवाल के सिर पर हाथ रखकर दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया।

महिलाओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी को बदनाम करने के लिए उन्हें फर्जी केस बनाकर फंसाया गया था।आज दिल्ली में भले ही भाजपा की सरकार है,लेकिन दिल्लीवालों के असली मुख्यमंत्री तो अरविंद केजरीवाल ही हैं।पूरी दिल्ली अरविंद केजरीवाल को दिल से याद कर रही है।

पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी, हमारे नेताओं और हम सभी पर बजरंगबली की एक अलग स्तर की कृपा है और उनकी कृपा से ही हम सभी लोग इस पूरे मामले से आरोप मुक्त हुए हैं।पाठक ने कहा कि यह पूरा मामला अब खत्म हो गया है। इस मामले में हम पहले दिन से कहते आ रहे थे कि सच्चाई की जीत होनी चाहिए, अंततः वही हुई है। इसलिए हम यहां भगवान का धन्यवाद करने आए हैं और प्रभु के चरणों में नतमस्तक होकर उनका धन्यवाद करेंगे।

भाजपा के बयानों पर पटलवार करते हुए दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा को अब बयान देने के बजाय माफी मांग लेनी चाहिए और इस मामले को यहीं खत्म कर देना चाहिए। उनको यह स्वीकार करना चाहिए कि हां, उन्होंने षड्यंत्र किया, उन्होंने छोटापन दिखाया और देश के संस्थानों का गलत इस्तेमाल किया। पाठक ने कहा कि भाजपा को देश से माफी मांगनी चाहिए कि अब वे आगे ऐसा नहीं करेंगे। भाजपा को फिर से उसी लड़ाई-झगड़े में जाने के बजाय, अब माफी मांगने वाली मुद्रा में जाना चाहिए।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved