नई दिल्ली।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को सलाह दी है।खड़गे ने कहा कि केजरीवाल को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तरह अन्याय के खिलाफ लड़ना चाहिए।रोने-धोने से कुछ नहीं होगा। खड़गे पंजाब के बरनाला में कांग्रेस के किसान महाचौपाल को संबोधित कर रहे थे।
खड़गे ने केजरीवाल का मीडिया के सामने भावुक होने का जिक्र किया,कहा-राहुल गांधी की तरह लड़ना चाहिए
अरविंद केजरीवाल के मीडिया के सामने भावुक हो जाने की घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी की तरह लड़ना चाहिए,क्योंकि रोना-धोना करने से कुछ नहीं होगा।खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी तरह बोलते थे।उन्होंने दोनों को धोखेबाज बताया और लोगों को उनका अनुसरण न करने की सलाह दी।
मोदी भी पहले इसी तरह बोलते थे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि रोना-धोना करने से कुछ नहीं होगा।अगर आप अन्याय के खिलाफ लड़ना चाहते हैं,तो राहुल गांधी जी की तरह लड़िए।वह (अरविंद केजरीवाल)रो रहे हैं और कह रहे हैं कि मैं बहुत नेक इंसान हूं।अगर आप नेक इंसान हैं तो आपको यह कहने की जरूरत नहीं है,देश की जनता खुद कह देगी।खड़गे ने कहा कि जिस तरह से वह आज बोल रहे हैं,नरेंद्र मोदी भी पहले इसी तरह बोलते थे,ये लोग पाखंडी हैं।अगर आप उनका अनुसरण करेंगे तो देश बर्बाद हो जाएगा।
बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल कोर्ट के बाहर भावुक हो गए।केजरीवाल ने इस बात पर जोर दिया कि वे भ्रष्ट नहीं हैं। कहा कि कोर्ट ने उन्हें और मनीष सिसोदिया दोनों को कट्टर ईमानदार बताया है।
पंजाब सरकार भाजपा की बी टीम
मल्लिकार्जुन खड़गे ने पंजाब में बढ़ते अपराध को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार को भाजपा की बी टीम बताया। खड़गे ने कहा कि पंजाब की धरती सामाजिक न्याय के लिए प्रसिद्ध है।यहां के गुरुओं ने समाज में सद्भाव फैलाया और एकता का उपदेश दिया,लेकिन आज इसी धरती पर गोलियां चल रही हैं,लोगों की हत्याएं हो रही हैं और महिलाओं के साथ रेप हो रहा है।फिर भी राज्य सरकार चुप है।खड़गे ने कहा कि पंजाब सरकार भाजपा की बी टीम है।ये लोग किसानों, मजदूरों और युवाओं के संघर्षों में कभी शामिल नहीं हुए। पंजाब सरकार नहीं चाहती कि यहां के लोग एकता में रहें।
पीएम मोदी पर साधा निशाना
अमेरिका-भारत अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। खड़गे का मानना है कि यह भाजपा सरकार का आत्मसमर्पण है।खड़गे ने भाजपा पर देश को बेचने का आरोप लगाया।कहा कि पंजाब सरकार भी भाजपा के नक्शेकदम पर चल रही है।
ये नरेंद्र मोदी नहीं,आत्म समर्पण मोदी
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह नरेंद्र मोदी नहीं, आत्मसमर्पण मोदी हैं।ट्रंप जो भी कहते हैं,नरेंद्र मोदी ठीक वही करते हैं। खड़गे ने कहा कि मोदी देश को बेचने की कोशिश कर रहे हैं।मोदी देश की जनता को गुलाम बनाने की कोशिश कर रहे हैं और भाजपा की सहयोगी टीम भी यही कर रही है।